पिपरी कोतवाली के फतेहपुर-सहाबपुर गांव में मंगलवार की रात एक दस वर्षीय बालिका की अचानक तबीयत खराब हो गई। आननफानन परिजनों ने उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बालिका की मौत से परिजनों में कोहराम है।
पिपरी कोतवाली के फतेहपुर - सहाबपुर निवासी कल्लू मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता है। कल्लू ने बताया कि उसकी दस वर्षीय बेटी रिया चरवा के नोहरी का पुरवा गांव निवासी रिश्ते में मामा उदय सिंह के यहां रहती थी।
उदय के मुताबिक मंगलवार की रात रिया को तेज बुखार के साथ पेट में अचानक तेज दर्द शुरू हो गया। उसके गले में तकलीफ और आवाज निकली बंद हो गई। परिजन कुछ समझ पाते कि वह अचेत होने लगी।
आननफानन परिजन उसे पूरामुफ्ती के मनौरी रोड स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। बुधवार दोपहर परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।