माफिया अतीक के बावर्ची को उठा ले गए चार पहिया वाहन सवार
संवाद न्यूज एजेंसी
पश्चिमशरीरा। कोतवाली क्षेत्र के जाफरपुर महावां निवासी नकेश को बृहस्पतिवार शाम चार पहिया वाहन से आए लोग अपने साथ ले गए। ग्रामीणों की पूछताछ में उन्होंने खुद को एसटीएफ बताया। नकेश माफिया अतीक के यहां बावर्ची था। फिलहाल परिवार के लोग कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं।
जाफरपुर महावां निवासी नकेश करीब 15 साल से माफिया अतीक के यहां खाना बनाने का काम करता था। अतीक के घर जब बुलडोजर चला तो नकेश अपने गांव चला आया था। बृहस्पतिवार शाम चार पहिया से पांच लोग नकेश के घर पहुंचे और उसे अपने साथ लिवा ले गए। पड़ोसी गुड्डू ने बताया कि जब मोहल्ले के लोगों ने पूछताछ की तो उन्होंने खुद को प्रयागराज एसटीएफ का जवान बताया। इसके बाद से अब तक नकेश का पता नहीं चला है।
परिवार के लोग नकेश को लेकर परेशान तो हैं, लेकिन कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं। इस बाबत थानाध्यक्ष अभिलाष तिवारी का कहना है उन्हें ऐसी कोई सूचना नहीं मिली है। वहीं चर्चा रही कि एसटीएफ पिछले तीन दिनों से पश्चिमशरीरा इलाके में कांबिंग कर रही थी। माना जा रहा है कि नकेश को एसटीएफ ने ही उठाया है।