उपभोक्ता फोरम के पास मंगलवार सुबह एक किसान का शव नहर में उतराता मिला। किसान सोमवार शाम घर से साइकिल लेकर एक निमंत्रण में शामिल होने के लिए निकला था। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम है।
कोखराज कोतवाली के ननसैनी निवासी पिरथीलाल (55) की शादी करीब 30 साल पहले सदर कोतवाली के घना का पुरवा की छितिया के साथ हुई थी। छितिया मां-बाप की इकलौती संतान है। शादी के बाद पिरथी लाल अपनी ससुराल में ही आकर रहने लगा। वह यहां खेतीबाड़ी करता था। पिरथी के बेटे सनोज ने बताया कि सोमवार शाम पिता घर से साइकिल लेकर कचहरी के समीप एक निमंत्रण में शामिल होने की बात कहकर निकले थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे।
घरवालों ने सोचा कि शायद वह भड़ेसर गांव चले गए होंगे। भड़ेसर में पिरथीलाल का आलू खोदा जा रहा था। सुबह करीब छह बजे उपभोक्ता फोरम के समीप पिरथीलाल का शव नहर में उतराता मिला। नहर के पास ही उनकी साइकिल पड़ी थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। शव की शिनाख्त होने के बाद परिजनों को घटना के बारे में जानकारी दी गई। मौके पर रोते-बिलखते परिजन पहुंचे।
परिजनों की तरफ से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। सदर कोतवाली के अतिरिक्त निरीक्षक दिनेश मिश्रा का कहना है शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। ग्रामीणों ने बताया कि उसे शराब पीने की लत थी। ऐसे में शराब के नशे में नहर में डूबकर मरने का अंदेशा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।