चायल। पिपरी कोतवाली के चंद्रसेन गांव में मंगलवार को रंजिश को लेकर कुल्हाड़ी से हमला कर एक किसान को घायल कर दिया गया। शोर पर ग्रामीणों को आते देख हमलावर हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले। तहरीर मिलने पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
चंद्रसेन निवासी कमलाकर सिंह का पड़ोसी पंकज सिंह से पुरानी रंजिश है। कमलाकर का कहना है कि मंगलवार को उसके पिता राजेंद्र खेत की तरफ जा रहे थे। रास्ते में पंकज सिंह व उसके परिवार का ही दिनेश और नूरपुर निवासी अमन सिंह मिल गए। आरोप है कि सभी मिलकर राजेंद्र से बेवजह गाली-गलौच करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर विपक्षियों ने कुल्हाड़ी से हमला कर लहूलुहान कर दिया। चीखपुकार सुन ग्रामीणों को जुटता देख हमलावर हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले। शिकायत पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई कर उनकी तलाश शुरू कर दी।