DM-SP's siege to recover missing innocent
- फोटो : KAUSHAMBI
लापता मासूम की बरामदगी को डीएम-एसपी का घेराव
11 अगस्त को मोहम्मदपुर असवां गांव का सर्वेश घर के बाहर से हो गया था गायब
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। कोखराज के मोहम्मदपुर असवां गांव से लापता मासूम का चार दिन भी कोई सुराग नहीं लग सका। इससे नाराज सैकड़ों ग्रामीणों ने बुधवार को मंझनपुर में डीएम-एसपी का घेराव किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने कोखराज पुलिस को जल्द से जल्द मासूम की बरामदगी का निर्देश दिया।
मोहम्ममद असवां निवासी शिव गुलाम इलेक्टिक मकैनिक है। उसने भरवारी में दुकान खोल रखी है। बताया कि 11 अगस्त की दोपहर तकरीबन दो बजे उसका तीन वर्षीय बेटा सर्वेश कुमार दरवाजे पर खेल रहा था। इसी बीच किसी ने उसे अगवा कर लिया। खोजबीन के बाद भी सुराग नहीं लगने पर पीड़ित पिता ने उसी रोज पुलिस चौकी और कोतवाली में तहरीर दी। आरोप है कि पुलिस ने मासूम की गुमशुदगी दर्ज कर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया। चार दिन बाद भी मासूम का कोई सुराग नहीं लगने से नाराज गांव के सैकड़ों लोगों बुधवार को ट्रैक्टरों से कलक्ट्रेट पहुंच गए। डीएम का घेराव करने के बाद ग्रामीण एसपी कार्यालय पहुंचे। पुलिस कप्तान प्रदीप कुमार गुप्ता ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए कोखराज कोतवाल को मासूम की बरामदगी का निर्देश दिया। एसपी के निर्देश के बाद कोतवाली पुलिस असवां समेत आसपास के गांव स्थित कुआं, तालाब, पोखरों में तलाश शुरू कर दी गई है।