कड़ा। एक महिला का आरोप है कि जिला पंचायत सदस्य शेरू ने अपने दोस्त के साथ मिलकर उसके संग सामूहिक दुष्कर्म किया। मुंह खोलने पर दुष्कर्म का वीडियो वायरल करने के साथ ही घर व पति को बम से उड़ाने की धमकी दी। एसपी के निर्देश पर कड़ा कोतवाली पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
सरायअकिल कोतवाली इलाके की एक महिला ने बताया कि तीन अगस्त को वह शक्ति पीठ कड़ा धाम मां शीतला का दर्शन करने गई थी। घर लौटने के लिए कड़ा धाम वाहन स्टैंड पर टैक्सी का इंतजार करते समय शाम 7.30 बजे उसके पास एक सफेद रंग की कार आकर रुकी। कार सवार लोगों ने उसे मंझनपुर तक छोड़ने का भरोसा देकर गाड़ी में बैठा लिया।
कुछ दूर चलकर कार सवारों ने गाड़ी को दूसरी तरफ मोड़ दिया। बोले कि कुछ काम निबटाकर मंझनपुर चलेंगे। आरोप है कि जंगल में ले जाकर कार सवार मीठेपुर सयांरा निवासी वार्ड नंबर 7 के जिला पंचायत सदस्य शेरू और उसके दोस्त जुबैर ने मुंह बांध कर बारी-बारी से दुष्कर्म किया। शोर मचाने का प्रयास किया तो तमंचे की नोक पर मोबाइल से वीडियो बना लिया।
इसके बाद आरोपी उसे कमासिन मोड़ के पास छोड़ कर भाग गए। किसी तरह घर पहुंची पीड़िता ने पति को घटना की जानकारी दी। इसके बाद हफ्ते भर तक वह डर से चुप रही। दस अगस्त को हिम्मत जुटाकर एसपी से मिलकर घटना की शिकायत की।
एसपी बृजेश श्रीवास्तव के निर्देश पर शनिवार को कड़ा धाम पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है। वहीं, सियासी इसे जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव से जोड़कर देख रहे हैं।
पीड़ित महिला की तहरीर 10 अगस्त को थाना पुलिस को मिली। प्राथमिक जांच मे मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई। उनके निर्देश के बाद मुकदमा दर्ज कर जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- समर बहादुर-एएसपी