मानिकपुर के करेंटी स्थित गंगा घाट में शुक्रवार को गहरे पानी में समाए दो दोस्तों का शव 20 घंटे बाद घटना स्थल से करीब एक किलोमीटर दूर उतराता मिला। खोजबीन में जुटी टीम ने शव बाहर निकाला तो परिजन बिलख पड़े। युवकों के साथ ही डूबे उनके साथी का घटना के चार घंटे बाद ही शव निकावा जा चुका है।
कोखराज कोतवाली के बसावनपुर गांव का शुभम पाल (21), पल्टीपुर निवासी अभिषेक (20), आदित्य (20) अपने साथी शशांक व अभिषेक पुत्र धनुष के साथ शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे प्रतापगढ़ जिले के मानिकपुर कोतवाली अंर्तगत करेंटी घाट में गंगा स्नान के लिए गए थे। इस दौरान शुभम डूबने लगा। शुभम को बचाने में अभिषेक व आदित्य भी डूब गए। शशांक व अभिषेक के शोर मचाने पर पहुंचे गोताखोर नदी में डूबे युवकों की खोजबीन करने लगे।
करीब चार घंटे बाद आदित्य का शव निकाला जा सका। अभिषेक व शुभम का कुछ पता नहीं चला। जानकारी पर पहुंचे एसडीएम सिराथू महेंद्र श्रीवास्तव ने एसडीआरएफ टीम से बात की। एसडीएम की की सूचना रात को ही एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर अजीत भारतीय की अगुवाई में 10 सदस्यीय दल ने खोजबीन की। रात को कोई सफलता नहीं मिली।
शनिवार सुबह सवा छह बजे से टीम ने फिर से सर्च ऑपरेशन चलाया। करीब आठ बजे अभिषेक व शुभम के शव घटना स्थल के करीब एक किलोमीटर दूर उतराते मिले। एसडीआरएफ की टीम ने शव बाहर निकला। मानिकपुर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।