बारा (ब्यूरो)। कौशाम्बी के पाली उपरहार गांव की विवाहिता अंजना देवी और उसके तीन बच्चों का पुलिस सुराग नहीं लगा पा रही है। दो महीने पहले मायके से ससुराल आते समय तीन बच्चों समेत संदिग्धदशा में रास्ते से लापता हो गई थी। इससे घर-परिवार में कोहराम मचा है। एसओ ने बताया कि युवती और उसके बच्चों की तलाश की जा रही है। दावा किया कि जल्द ही घटना की सच्चाई सबके सामने आ जाएगी।
कौशाम्बी थाने के पाली उपरहार गांव के शिवभूषण की शादी वर्ष 2002 में रीवा जिले के छतैनी थाना पनवार गांव की अंजना से हुई थी। उसके तीन बच्चे सपना (11), सुरैया (8) और आदर्श (3) हैं। गर्मी की छुट्टी में अंजना तीनों बच्चों के साथ मायके गई थी। शिवभूषण ने बताया कि 10 जून को उसने मोबाइल से उससे बात की थी। इसके बाद जब वह 22 जून को उसे विदा कराने के लिए ससुराल पहुंचा, तो वहां पता चला कि वह तो बच्चों के साथ 12 जून को ही घर जाने के लिए यहां से निकल गई थी।
यह सुनते ही उसके होश उड़ गए। कई दिनों तक पूरा परिवार विवाहिता और बच्चों की तलाश में भटकता रहा, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला, तो भुक्तभोगी ने कौशाम्बी पुलिस को घटना की जानकारी दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने 27 जून को गुमशुदगी दर्ज की। रिपोर्ट दर्ज करके पुलिस भी लापता युवती और बच्चों की खोजबीन में जुटी। पर, दो महीने बाद भी वह विवाहिता और उसके बच्चों की बाबत कोई जानकारी हासिल नहीं कर पाई है। मामले में एसओ कौशाम्बी का कहना है कि विवाहिता का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने शक जाहिर किया है कि युवती और उसके बच्चों को गायब करने में स्थानीय किसी व्यक्ति का हाथ हो सकता है। क्योंकि तफ्तीश के दौरान यह पता चला कि 13 और 14 जून को उसके खाते से 22 हजार रुपये भी निकाले गए हैं। पुलिस मामले की छानबीन गंभीरता से कर रही है। जल्द ही घटना का राजफाश कर दिया जाएगा।