सैनी कोतवाली के रामपुर धमांवा गांव में रविवार की शाम तेज रफ्तार ऑटो ने दरवाजे पर खेल रही मासूम को कुचल दिया। पुलिस ने आरोपी ऑटो चालक के खिलाफ केस दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। रामुपर धमांवा निवासी सुक्कू लाल ने बताया कि रविवार शाम चार बजे उसकी बेटी ममता (7) अपने दरवाजे पर खेल रही थी।
खेलते-खेलते वह सड़क पर पहुंच गई। इस दौरान उधर से गुजरी तेज रफ्तार ऑटो ने उसे टक्कर मार दिया। हादसे में मासूम गंभीर रूप से जख्मी हो गई। सूचना के बाद पहुंचे सिराथू चौकी प्रभारी हनुमान प्रसाद मासूम को लेकर जिला अस्पताल भागे। इसके बावजूद मासूम की जान नहीं बच सकी। चिकित्सकों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ऑटो चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। इसी तरह से चित्रकूट जिले के राजापुर निवासी कुलदीप (38) बाइक से सिराथू की ओर जा रहा था। जैसे ही वह तहसील के पास पहुंचा तेज रफ्तार माल वाहक ने उसकी बाइक में टककर मार दिया। हादसे में बाइक सवार कुलदीप गंभीर रूप से जख्मी हो गया। आसपास रहे लोगों ने घायल को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया।