मंझनपुर (ब्यूरो)। सैनी कोतवाली क्षेत्र के तीन युवकों के खिलाफ दुराचार का केस दर्ज किया गया है। युवती के साथ सात महीने पहले इन युवकों ने दरिंदगी की थी। इलाकाई पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखे जाने पर उसने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती ने बताया कि चार जून की शाम वह घर में अकेली थी। परिवार के लोग खेत पर काम करने के लिए गए थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव का युवक अपने दो दोस्तों के साथ उसके घर घुस गया था। इन युवकों ने दबोचकर उसके साथ जबरदस्ती की थी। मनमानी करने के बाद तीनों युवक किसी से भी घटना की शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। घरवालों के लौटने पर उसने पड़ोसी और उसके साथियों की दरिंदगी बताई। इतना ही नहीं परिजनों के साथ दूसरे दिन ही सैनी कोतवाली पुलिस जाकर घटना की शिकायत की थी। आरोप है कि पुलिस ने दुराचारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की।
अफसरोें की चौखट पर दस्तक देने के बाद भी दुराचारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं किए जाने पर पीड़िता ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के आदेश पर शुक्रवार को सैनी कोतवाली पुलिस ने तीनों युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद जो सच्चाई सामने आएगी पुलिस वैसी कार्रवाई करेगी।