बिजली गिरने से मोहब्बतपुर पइंसा इलाके में एक युवक की मौत हो गई। जबकि उसका भतीजा झुलस गया। वहीं, महेवाघाट इलाके में एक भैंस की मौत हो गई। जबकि एक युवक और एक महिला झुलस गई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मोहब्बतपुर पइंसा थाना क्षेत्र के किशुनदास पुर निवासी अंकित कुमार (20) पुत्र लल्लू और उसका भतीजा छोटू (15) पुत्र सुबेदार दोपहर में बारिश शुरू होने पर खेत में पानी लगाने चले गए। बारिश तेज हुई तो दोनों एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इस दौरान कड़क की आवाज के साथ बिजली गिरी। पेड़ की डाल फट गई। उसके नीचे खड़े दोनों झुलस कर तड़पने लगे। गांव से दूर होने की वजह से उनके बचाव की आवाज कोई सुन नहीं सका। इस दौरान अंकित की मौत हो गई।
काफी देर बाद गांव के लोग उधर से गुजरे से दोनों वहां पड़े थे। सूचना पर पहुंचे परिजन रोने बिलखने लगे। छोटू को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं दूसरी ओर महेवाघाट थाना क्षेत्र के पौर गांव के देशराज द्विवेदी (44) पुत्र शिवलखन दोपहर में भैंस चराने खेत की ओर गए थे। बारिश तेज होने पर देशराज पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इस दौरान बिजली गिरी। जिससे देशराज झुलस गए। बिजली की चपेट में पास में ही खेत में काम कर रही अनीता देवी (40) पत्नी दुर्गा प्रसाद भी झुलस गई। जबकि भैंस की मौत हो गई। झुलसे महिला और युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।