शुक्रवार को सैनी क्षेत्र के सातो गांव में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम की आड़ में लोगाें के धर्म परिवर्तन कराए जाने के लिए प्रेरित किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। प्रवचन सुनने गए ग्रामीणों ने आयोजकों के नापाक इरादों को भांपकर जमकर हंगामा काटा।
सैनी क्षेत्र के गंगा के तराई में बसे सातो गांव में मेवा लाल यादव के घर पर सत्संग का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें पड़ोस गांव के सुरेश यादव, चंद्र पाल, नन्हें लाल, चीनी लाल, भइया लाल भी बतौर सहयोगी मौजूद थे। सत्संग सुनने के लिए तकरीबन 50 की संख्या में भक्तों की भीड़ मौजूद थी। आरोप है कि सत्संग तो बहाना था। वास्तव में भक्तों को हिंदू धर्म में तमाम बुराइयां बता उन्हें धर्म परिर्वतन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा था। भक्तों को धर्म बदलने पर मिलने वाले लाभ भी गिनाए जा रहे थे।
एकाएक सत्संग की आड़ मे ग्रामीणों को बुलाकर धर्म परिर्वतन कराए जाने की बात सुनने के दौरान माहौल खराब हो गया। आक्रोशित भक्तों ने आयोजक के घर पर तांडव शुरू कर दिया। ग्रामीणाें की सूचना पर अफजलपुर सातो चौकी प्रभारी मय फोर्स मौके पर पहुंच गए। पुलिस चार लोगों को उठा लाई। उनका शांतिभंग में चालान कर दिया गया।