पड़ोसी की पिटाई से जख्मी पुरामुफ्ती गांव के वृद्ध की बृहस्पतिवार की रात इलाज के दौरान मौत हो गई। तीन दिन पहले पुरानी रंजिश में झड़प के बाद पिता-पुत्रों ने उसे बेरहमी से पीटते हुए अधमरा कर दिया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा करते हुए परिजनों को सौंप दिया है। वृद्ध की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुरामुफ्ती गांव निवासी पुरुषोत्तम (70) पुत्र ननकू लाल का पड़ोसी से पुराना विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी अदावत में 31 मई की शाम पड़ोसियों से वृद्ध की तीखी झड़प हो गई। कहासुनी के बाद हमलावरों ने वृद्ध को बेरहमी से पीटते हुए अधमरा कर दिया। जिसका इलाज इलाहाबाद के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। बृहस्पतिवार की रात वृद्ध की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव का पंचनामा कर परिजनों को सौंप दिया। शाम घर वालों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। जख्मी वृद्ध की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है।