चरवा के बरगदी गांव में ससुराल आए युवक की बृहस्पतिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गांव में चर्चा है कि शराब के नशे में हुए विवाद में युवक की ससुरालियों से कहासुनी हुई थी, इसके बाद मारपीट हुई थी। पुलिस घटना को संदिग्ध बता रही है। वहीं मृतक के भाई ने पत्नी समेत ससुरालियों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पूरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के पावन निवासी महंत लाल (35) पुत्र राम खेलावन बृहस्पवितार को ससुराल चरवा के बरगदी गांव गया था। ससुराल में उसकी पत्नी नारंगी देवी पहले से मौजूद थी। ससुराल में दोपहर बाद महंत ने ससुर रामबहादुरी के साथ शराब पी। गांव में चर्चा है कि इसके बाद वह ससुर के साथ बैठकर खाना खा रहा था। इसी बीच किसी बात को लेकर ससुर व दामाद में विवाद हुआ। इस पर ससुर रामबहोरी ने अपने बेटे अरुण और तीरथ के साथ दामाद पर हमला बोल दिया।
तीनों ने उसे पीट दिया। शोर मचने पर गांव के तमाम लोग इकट्ठा हुए। इसके बाद उसकी घर के बगल में लाश मिली। ग्रामीणों की सूचना पर मृतक का भाई संतलाल मौके पर पहुंचा। सीओ चायल महेंद्र सिंह देव भी चरवा इंस्पेक्टर के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के बाद उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। संतलाल ने भाई महंत की पत्नी नारंगी देवी, ससुर रामबहोरी, साले अरुण व तीरथ के खिलाफ चरवा थाने की पुलिस को हत्या की तहरीर दी है। इंस्पेक्टर का कहना है कि मामला संदिग्ध है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।