करारी के दलित युवती हत्याकांड के रहस्य में पुलिस उलझती जा रही है। युवती की गोली मारकर हत्या किस रंजिश में की गई। मां के साथ दुश्मनी करने वाले या फिर किसी और ने वारदात को अंजाम दिया। युवती के कत्ल के बाद से इलाके में तमाम तरह की चर्चाएं है। घटना को पुलिस कई पहलुओं से जोड़कर चल रही है। हालांकि पुलिस अफसर अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं बता पा रहे है। वहीं घटना के नामजद आरोपी फरार चल रहे हैं। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
करारी के एक गांव की रहने वाली दलित युवती की शनिवार की भोर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। युवती की हत्या किस रंजिश में की गई? कत्ल के पीछे छिपे रहस्यों में पुलिस गोते लगा रही है। युवती का कत्ल जिस अंदाज में किया गया है। इससे स्पष्ट है कि घटना के पीछे गंभीर विवाद हो सकता है। युवती की हत्या पानी भरने को लेकर पड़ोसी से चल रहे विवाद में की जा सकती है। अफसरों के साथ करारी कोतवाली पुलिस भी असमंजस में है। सुरेखा हत्याकांड में छिपे रहस्य ने पुलिस को कई पहलुओं पर सोचने को मजबूर कर दिया है। करारी कोतवाल जेपी राय ने बताया कि घटना की जांच कई पहलुओं पर की जा रही है। मामले में विन्देश्वरी व बचान के खिलाफ हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। हत्यारोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
चश्मदीद गवाह बनी मां
युवती की हत्या के बाद मां ने गांव के ही विन्देश्वरी व बचान के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। युवती की मां इस घटना की चश्मदीद गवाह बनी है। युवती की मां का कहना है कि उसके सामने ही विन्देश्वरी व बचान ने घटना को अंजाम दिया है। मां के इस बयान से करारी पुलिस की परेशानी बढ़ गई है। मां के चश्मदीद गवाह बनने से आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने दबाव बनाना शुरू कर दिया है।