पुरामुफ्ती के मनौरी में प्रेमिका के साथ उसके प्रेमी की भी हत्या कर दी गई थी। हत्यारों ने प्रेमी की हत्या कर उसकी लाश मनौरी रेलवे फाटक के समीप रख दी थी। शुक्रवार को परिजनों ने शव की शिनाख्त की तो इस रहस्य से पर्दा उठा। इस रहस्यमयी घटना ने पूरामुफ्ती थाने की पुलिस को उलझन में डाल दिया है। शव की शिनाख्त होने पर महिला के परिजनों ने हाईवे जाम कर अधिकारियों से मुआवजे की मांग की। फिलहाल पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कर दिया है।
पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मनौरी नई बस्ती में बुधवार की रात जिस महिला की हत्या की गई वह काजीपुर गांव की रहने वाली शांति देवी थी। छह साल पहले पति की मौत के बाद वह मजदूरी कर परिवार की जीविका चलाती थी। इसी दौरान उसकी दीवर निवासी संतोष से नजदीकियां बढ़ गईं। वह आए दिन राजगीर संतोष के किराए के कमरे में आती थी। गुरुवार की सुबह शांती देवी का शव संतोष के कमरे में मिला तो पहले लोगों को लगा कि प्रेमिका का कत्ल कर संतोष फरार हो गया है, लेकिन शुक्रवार को मर्डर की इस कहानी ने नया मोड़ ले लिया।
शांती देवी की शिनाख्त करने के बाद उसके परिजन पोस्टमार्टम हाउस चले गए। इसी दौरान संतोष के परिजन पूरामुफ्ती थाने पहुंचे और पुलिस को बताया कि मनौरी रेलवे फाटक के समीप जो शव मिला है, वह संतोष का है। संतोष की हत्या होने का आरोप लगाया। इसकी जानकारी होते ही पुलिस चौंक गई। एसओ पूरामुफ्ती धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों शवों की पहचान करा ली गई है। प्रेमी ने महिला को मारने के बाद आत्महत्या की या फिर किसी और ने इसकी जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।