पिपरी थाने के एक युवक को पड़ोसियों ने लाठी-डंडे से पीटकर अधमरा कर दिया। युवक का दोष इतना था कि उसके प्यार में पागल पड़ोस की किशोरी रात में उसके घर पहुंच गई थी। मामले में तहरीर मिलने पर पिपरी पुलिस ने तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए घायल को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया है।
थाना क्षेत्र के काठगांव निवासी तपेंद्र कुमार पुत्र लखन पाल का पड़ोस की एक किशोरी से प्रेम प्रपंच चल रहा था। शुक्रवार की रात किशोरी प्रेमी से मिलने उसके घर पहुंच गई। जानकारी किशोरी के पिता और भाइयों को हुई तो वह गुस्से में उबल गए।
हाथ मेें लाठी-डंडा लेकर वह प्रेमी के घर पहुंचे और दरवाजा खुलवाया। तलाशी लेने पर किशोरी प्रेमी के घर मिली तो उसके पिता और भाइयों ने तपेंद्र पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिया। पिटाई से तपेंद्र का सिर फट गया और दायां पैर फ्रैक्चर हो गया। शनिवार की सुबह थाने पहुंचे घायल ने मामले की तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी पिता और दो पुत्रों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए घायल को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया है।