जिले में कच्ची शराब का धंधा जोरों पर चल रहा है। 58 गांवों में शराब की भट्ठियां धधक रही हैं। खुफिया तंत्र से मिली रिपोर्ट के बाद आबकारी आयुक्त ने कार्रवाई के लिए इसकी सूची एसपी को भेजी है। जिले में सबसे ज्यादा कोखराज व सैनी इलाके में यह अवैध कारोबार हो रहा है। आबकारी आयुक्त ने जो सूची भेजी हैं, उसमें जगह का नाम व कारोबारी का नाम दर्ज है।
नकल मंडी के लिए कुख्यात कौशांबी कच्ची शराब व मादक पदार्थ बिक्री के लिए भी जाना जाता है। जिले में बड़े पैमाने पर कच्ची शराब बन रही है, लेकिन आबकारी अब तक इस मामले में चुप्पी साधकर बैठी थी।
लगातार शिकायत मिलने पर आबकारी आयुक्त भवनाथ ने अभिसूचना ईकाई से जांच पड़ताल कराई तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जिले के 58 गांवों में कच्ची शराब बन रही है। सुबह से शाम तक इन गांवों में शराब की भट्ठियां धधकती हैं। इनमें वह गांव भी हैं, जहां छापा मार कार्रवाई के दौरान पुलिस को मुठभेड़ का भी सामना करना पड़ा है। आबकारी आयुक्त ने इसकी सूची तैयार कराकर आईजी डा. केएस प्रताप कुमार और एसपी वीके मिश्र को कार्रवाई के लिए भेजी है। साथ ही निर्देश दिया है कि जिले की पुलिस आबकारी टीम के साथ बैठक कर इस अवैध धंधे को बंद कराए। एसपी कौशांबी ने सभी थानों की पुलिस को इस मामले में कार्रवाई करने का निर्देश जारी कर दिया है।
इन गांवों में हो रहा शराब का धंधा
आबकारी विभाग ने कौशाम्बी जिले के पश्चिमशरीरा, चंपहा, लोधन का पुरवा, अंधावां, टिकरा, फकीराबाद, केवटपुरवा, नंदा का पुरवा, खरका, घोघ का पुरवा, नादिरगंज, कयामुद्दीनपुर, गौसपुर, चायल, पेरई, चरवा, चौराडीह, उमरपुर, गेरिया, मलाक भायल, निधियावां, पल्टीपुर, शमसाबाद, धमांवा, पइंसा, अझुआ, देवीगंज, कैमा, सौरई, काजीपुर, दारानगर, ककोढ़ा, मूरतगंज, सिघिया, ओसा गांव, गांधी नगर मंझनपुर, नया नगर मंझनपुर, भेलखा, समेत करीब 58 गांवों में शराब बनाने का धंधा चल रहा है।
कच्ची शराब का धंधा करने वालों को चिह्नित कर लिया गया है। आबकारी विभाग की सूची के साथ सभी थानेदारों को अभियान चलाकर कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।
वीरेंद्र कुमार मिश्र, पुलिस अधीक्षक, कौशाम्बी