मंझनपुर। पड़ोसी को जानलेवा हमले में फंसाने के लिए खुद को गोली मारकर जख्मी करने वाला भीखपुर मेडवारा गांव जेबू खुद अपने की बुने जाल में फंस गया है। तफ्तीश के दौरान पुलिस ने उसे धरदबोचा। एसपी ने बताया कि पड़ोसी का कर्ज नहीं चुकाने की बदनीयती से उसने यह षडयंत्र अपने दोस्त के साथ मिलकर रचा था। पुलिस ने फरेबी युवक को जेल भेज दिया है।
सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के पुरखास गांव निवासी जेबू (25) पुत्र मोहम्मद हसीन दो साल से पिपरी कोतवाली के मेड़वारा गांव में घर बनाकर परिवार के साथ रहता है। 10 जनवरी की रात गोली लगने से वह जख्मी हो गया था। उसने गांव के ही एक व्यक्ति पर गोली मारकर जान लेने की कोशिश करने का आरोप लगाया था। साथ ही इसकी नामजद तहरीर भी पुलिस को दी थी। हालांकि घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस को मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ था।
पुलिस अधीक्षक रतनकांत पांडेय ने बताया कि घटना की जांच के बाद पुलिस ने गुलाम रसूल और उसके बहनोई के खिलाफ कातिलाना हमले की रिपोर्ट दर्ज की थी। तफ्तीश में जुटे एसओ पिपरी पीके यादव ने जांच के बाद मंगलवार को जेबू को धर दबोचा। बताया कि कर्रा करने पर उसने सच्चाई उगल दी। बताया कि पड़ोसी गुलाम रसूल से उसने मकान बनवाने के लिए दो लाख रुपये का कर्ज लिया था।
यह पैसा वापस न करना पड़े, इसके लिए ही उसने अपने दोस्त निहाल अहमद उर्फ सोनू के साथ मिलकर जानलेवा हमले की यह कहानी रची थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा और कारतूस भी बरामद करने का दावा किया है। पुलिस ने आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया है।