सैनी क्षेत्र के साढ़ो गांव के पास रेलवे लाइन निर्माण कार्य में लगी जेसीबी से तेल की भूमिगत पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। आईओसी की पाइप लाइन फट जाने से तेल का रिसाव शुरू हो जाने से हड़कं प मच गया। सूचना पर आईओसी के स्थानीय कर्मचारी एवं अधिकारी मौके पर पहुंच गए। क्षतिग्रस्त पाइप लाइन का ठीक किए जाने का प्रयास किया जा रहा है।
बता दें कि दिल्ली हावड़ा रेल मार्ग पर यातायात के भारी दबाव को देखते हुए अतिरिक्त रेलवे लाइन तैयार कराई जा रही है। सैनी क्षेत्र के साढ़ो गांव के पास जमीन समतल कराए जाने का काम कराया जा रहा है। जानकारों का कहना है कि जमीन की खोदाई से लेकर समतल करने के लिए ठेकेदार जेसीबी का प्रयोग कर रहे हैं। बताते हें कि बुधवार को जहां जेसीबी लगाकर जमीन की खोदाई कराई जा रही थी। इस बात पर मजदूरों ने गौर नहीं किया।
जिससे भूमिगत आईओसी की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। दोपहर में पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होते ही उसमें से तेल का रिसाव शुरू हो गया। यह देख मजदूरों के हाथ पांव फूल गए। बहरहाल घटना की जानकारी नेटवर्क के जरिए विभाग को हुई तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन में मौके पर ग्रामीणों को जाने से रोक दिया गया। तकनीकी विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त पाइप लाइन की ठीक करने का प्रयास शुरू कर दिया है। इस घटना को लेकर ठेकेदार से लेकर स्थानीय अधिकारी कुछ भी कहने से बच रहे हैं।