कोखराज के बालकमऊ गांव में मंगलवार की रात चोरों ने बंद मकान खंगालने के बाद आग लगा दिया। रात गृहस्वामी परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। भोर में वह घर लौटा तो हालत देख उसके होश उड़ गए। सूचना पर गांव पहुंची पुलिस पूछताछ के बाद रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
कोखराज कोतवाली के बालकमऊ गांव निवासी विष्णु केशरवानी पुत्र मेवालाल व्यवसायी है। घर में ही वह किराने की दुकान खोल रखा है। मंगलवार को परिवार के साथ रिश्तेदार के घर शादी समारोह में शामिल होने के लिए गया था। रात छत के सहारे दीवार फांदकर घर के भीतर घुसे चोरों ने आलमारी का ताला तोड़ 20 हजार नगदी के साथ करीब 10 लाख के गहने, बर्तन आदि समेट लिया। चोरों ने बड़े इत्मिनान से वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद जाते-जाते गृहस्थी वाले कमरे में आग लगा दिया। रात करीब तीन बजे भुक्तभोगी घर लौटा। मुख्य दरवाजा खोलने के बाद वह जैसे ही कमरे में दाखिल हुआ तो धुआं देख बौखला गया।
शोर मचाया तो गांव के लोग इकट्ठा हुए। किसी तरह आग बुझाई गई। इसके बाद पता चला कि घर में चोरी हुई है। सुबह कोखराज पुलिस भी मौके पर पहुंची। परिजनों के साथ पास-पड़ोस के लोगों से पूछताछ करने के बाद पुलिस विष्णु से तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की खोजबीन शुरू कर दी है। चोरी की वारदात के बाद से गांव के लोग सहमे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की गश्त नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। जिसके चलते चोर आए दिन मकान-दुकान खंगाल रहे हैं।