चुनाव में मिली हार से बौखलाए दंबगों ने पइंसा इलाके के अफजलपुरवारी गांव में एक युवक पर हमला करके उसे बेरहमी से पीटा। मारपीट के दौरान दबंगों ने मिट्टी का तेल उड़ेलकर उसे जिंदा जलाने की कोशिश की। गांववालों के दौड़ने पर हमलावर धमकियां देते हुए भाग निकले। पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है।
मोहब्बतपुर पइंसा गांव निवासी फूलचंद्र पुत्र मुंदर लाल मंगलवार की शाम करीब 7 बजे खेत से लौट रहा था। रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे दो युवकों ने उसे दबोच लिया। उसकी बेरहमी से पिटाई की। पीटकर लहूलुहान करने के बाद हमलावरों ने उसके ऊपर मिट्टी का तेल उड़ेलकर जिंदा जलाने की कोशिश की। हालांकि इससे पहले हमलावर अपने मकसद में सफल होते। चीख-पुकार सुनकर गांववाले वहां पहुंच गए।
ग्रामीणों को आता देख हमलावर धमकियां देते हुए भाग निकले। भुक्तभोगी के मुताबिक उसके ऊपर जानलेवा हमला प्रधान पद के चुनाव की रंजिश में हुआ है। भुक्तभोगी ने घटना की नामजद तहरीर पुलिस को दी। एसओ ने बताया कि चुनावी रंजिश में मारपीट की घटना हुई है। युवक को जलाने की कोशिश जैसी कोई मामला नहीं है। प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी। वहीं, घटना से गांव में दहशत और तनातनी का माहौल बना हुआ है।