पुरामुफ्ती क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली आठ साल की मासूम बालिका के साथ शनिवार की रात पड़ोसी युवक ने दुराचार की कोशिश की। जोर-जबरदस्ती के दौरान उसने बालिका के कपड़े भी फाड़ डाले। इतना ही नहीं चीखने-चिल्लाने पर उसकी पिटाई भी की। चीख-पुकार सुन जब गांववाले दौड़े तो युवक भाग निकला। भुक्तभोगी पिता ने सल्लाहपुर चौकी में घटना की नामजद तहरीर दी। आरोप है कि पुलिस ने सिर्फ मामूली मारपीट दिखाते हुए एनसीआर लिखी है। इससे पीड़ित परिवार में गुस्सा है।
पुरामुफ्ती क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली आठ साल की बालिका शनिवार की शाम घर से करीब 500 मीटर दूर सजे पूजा पंडाल में मूर्तियां देखने गई थी। बताया जाता है कि वहीं उसे अकेली देख गांव का ही एक युवक बहलाकर खेत की ओर लेकर चला गया। जहां उसने उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। इस दौरान उसने बालिका के कपड़े भी खींचकर फाड़ डाले। चीखने-चिल्लाने पर उसकी पिटाई भी की। बालिका की चीखें सुनकर खेतों की ओर से घर लौट रहे लोग दौड़ पड़े। ग्रामीणों को आता देख युवक भाग निकला। उधर, युवक की मनमानी का शिकार हुई बालिका रोते हुए घर पहुंची। उसकी हालत देख परिजन सन्न रह गए।
सिसकते हुए उसने पड़ोसी युवक की काली करतूत परिजनों को बता दी। यह सुनते ही घरवालों के पैरों तले से जमीन खिसक गई। रात में ही बालिका को लेकर उसका पिता सल्लाहपुर चौकी पहुंचा और घटना की जानकारी पुलिस को दी। आरोप है कि पुलिस ने युवक के खिलाफ बालिका से मामूली मारपीट मानते हुए एनसीआर लिखी है। चौकी पुलिस की इस मनमानी से पीड़ित परिवार के लोगों में गुस्सा है। भुक्तभोगी का कहना है कि सोमवार को वह चौकी पुलिस की शिकायत मंझनपुर जाकर पुलिस अधीक्षक से करेगा।