बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र में दून हाईवे पर रविवार की शाम मारुति कार और सवारियों से भरी डग्गामार जीप की भिड़ंत में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दस सवारियों को चोटें आई हैं। मौके पर पहुंची पुलिस और राहगीरों ने अपने वाहनों से घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया।
हादसा छुटमलपुर-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार की शाम करीब सात बजे गांव गणेशपुर और मोहंड के बीच हुआ। रुड़की के गांव इब्राहिमपुर निवासी राफा पुत्र फारुख और राकिब, बहादराबाद (हरिद्वार) निवासी महरबान के साथ कार से देहरादून से वापस आ रहे थे।
गणेशपुर और मोहंड के बीच सामने से आ रही सवारियों से भरी डग्गामार जीप ने उनकी कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस और राहगीरों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
करीब एक घंटे तक मृतकों और घायल की शिनाख्त नहीं हो सकी। बाद में एक फोन नंबर के आधार पर मिली सूचना के बाद जिला अस्पताल पहुंचे राकिब के बहनोई अब्दुल गफ्फार ने मृतकों की शिनाख्त की। उनके अनुसार मरने वाले मेहरबान और राकिब हैं। जबकि घायल होने वाला राफा हैं।
डाक्टरों ने राफा की हालत गंभीर होने पर उसे चंडीगढ़ रेफर कर दिया है। हादसे में जीप में सवार करीब दस लोगों को चोटें आई हैं। इनमें से एक घायल फतेहपुर सीएचसी भी लाया गया लेकिन बेहोश और गंभीर चोटिल होने के कारण उसे सहारनपुर जिला अस्पताल भेज दिया गया।
अन्य घायलों को भी थाना पुलिस और राहगीरों ने अपने वाहनों से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे के बाद दून हाईवे पर दोनों वाहनों के क्षतिग्रस्त होने से कुछ देर जाम की स्थिति रही, जिसे पुलिस ने वाहनों को हटवा कर खुलवा दिया।