पिपरी थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात सशस्त्र बदमाशों ने जमकर तांडव किया। रेही गांव में मोबाइल टावर के गार्डों को बंधक बनाकर तमंचे की बट से पिटाई करने के बाद एक दर्जन बैट्री, कापर तार आदि लाखों का सामान पार कर दिया। लूटपाट कर लौटते समय टार्च जलाने पर नूरपुुुर गांव के एक किसान को भी बेरहमी से पीट दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है।
पिपरी थाना क्षेत्र के रेही गांव में आस-पास बीएसएनएल और एअर टेल कंपनी का मोबाइल टावर लगा है। गांव के रहने वाले सुनील कुमार और गोरे लाल टावर गार्ड हैं। बताया कि मंगलवार की रात मैजिक सवार आठ नकाबपोश सशस्त्र बदमाश टावर पर पहुंचे और दोनों को तमंचे की बट से पीटते हुए बंधक बना लिया। इसके बाद बीएसएनएल टावर से एक दर्जन बैट्री और एयरटेल टावर से 50 किलो कापर तार समेत लाखों का सामान मैजिक में लादकर शिकायत पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। रास्ते में नूरपुर गांव का रहने वाला मरकुंडी खेत की सिंचाई कर रहा था। इस दौरान सड़क पर गाड़ी देख टार्च जला दिया।
किसान का दुस्साहस देख बदमाश मौके पर पहुंचे और तमंचे की बट से उसे पीटते हुए लहूलुहान कर दिया। बदमाशों के जाने के बाद टावर गार्ड और किसान की चीख पुकार सुन गांव के लोग घटना की जानकारी पुलिस को देते हुए मौके पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराते हुए बदमाशों की तलाश में घंटों कांबिंग की पर सफलता नहीं मिली। घायलों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।