सरायअकिल थाना क्षेत्र में सोमवार शाम बाजार से घर जा रहे एक युवक पर दबंगों ने सरेराह कातिलाना हमला कर दिया। इससे वह लहूलुहान हो गया। युवक को घायल देख लोग घटनास्थल पर पहुुंचे। लोगों के विरोध करने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। तहरीर पुलिस ने तीन हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
सरायअकिल थाना क्षेत्र के हसनपुरमहुआई गांव निवासी राम सेवक ने बताया कि उसका बेटा सुमित सोमवार की शाम पुरखास बाजार गया था।
बाजार से सब्जी आदि खरीदने के बाद घर लौट रहा था। जैसे ही वह गांव के समीप पहुंचा तभी पहले से घात लगाए हमलावरों ने उसे पीटना शुरू कर दिया। सिर पर डंडे के प्रहार से युवक लहूलुहान होकर गिर पड़ा। सरेराह युवक को पिटता देख गांव के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना पर घटनास्थल पहुंचे परिजन खून से लथपथ युवक को लेकर थाने पहुंचे। भुक्तभोगी पिता की तहरीर पर पुलिस ने पड़ोसी युवक और उसके दो अन्य साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। एसओ ने बताया कि रंजिश में युवक पर कातिलाना हमला किया गया है। पुलिस घटना की छानबीन और हमलावरों की तलाश कर रही है।