कोखराज थाना क्षेत्र के भरवारी कस्बा स्थित भवंस मेहता कैंपस में रहने वाले एक रिटायर्ड इंजीनियर को शुक्रवार रात नकाबपोश सशस्त्र लुटेरों ने पीट-पीटकर मार डाला। बदमाशों की पिटाई से घायल उनकी पत्नी की हालत अस्पताल में गंभीर बनी है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
भरवारी स्थित भवंस मेहता कैंपस निवासी कृपाशंकर टैगोर (80) रिटायर्ड इंजीनियर थे। उनके दो बेटे इलाहाबाद में रहते हैं। कृपाशंकर पत्नी केशपति के साथ 40 साल से भरवारी में ही रह रहे थे। शुक्रवार रात उनके घर के चैनल का ताला तोड़कर भीतर घुसे नकाबपोश सशस्त्र लुटेरों ने दंपती को बंधक बना जमकर लूटपाट की। विरोध करने पर दोनों को पीटकर मरणासन्न कर दिया। इसके बाद आलमारी का ताला तोड़कर 50 हजार नगदी समेत करीब एक लाख रुपये के जेवरात और अन्य सामान समेटकर भाग निकले। खून से लथपथ दंपती की चीख सुन मोहल्ले के लोग दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे।
लोगों ने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस के साथ दंपती के बेटों को देते हुए उन दोनों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां बदमाशों की पिटाई से जख्मी रिटायर्ड इंजीनियर की मौत हो गई जबकि पत्नी जीवन और मौत के बीच झूल रही है। लूट और हत्या की खबर मिलते ही पुलिस अधीक्षक सत्यार्थ अनिरुद्ध पकंज चार थानों की पुलिस के तथा डाग स्क्वायड टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौका मुआयना करने के बाद एसओ को घटना के खुलासे का निर्देश दिया। मृतक के बेटे अवनी टैगोर की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस घटना की तफ्तीश में जुटी है। भरवारी कस्बे में हुई लूट और वृद्ध की मौत से लोग दहशतजदा हैं। बताया जा रहा है कि वर्ष 1991 में भी दंपती के घर लूटपाट की वारदात हुई थी। उस घटना का पुलिस खुलासा नहीं कर सकी थी।