करारी इलाके की एक युवती को शादी का झांसा देकर पड़ोसी युवक महीनों उसकी अस्मत लूटता रहा। दरिंदगी के बाद वह सऊदी अरब फरार हो गया। युवती के गर्भवती होने पर इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो उनके होश उड़ गए। युवक के घर वालों पर पीड़ित परिवार ने शादी का दबाव बनाया तो युवक के विदेश से वापस आते ही शादी कराने का आश्वासन देकर गर्भपात करा दिया। मगर इसके बाद दरिंदे के परिजन भी शादी से मुकर गए। परेशान पीड़िता ने शनिवार को नामजद तहरीर करारी पुलिस को दी। एसओ ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है।
करारी थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती को साल भर पहले गांव के ही एक युवक ने प्रेम जाल में फंसा लिया। पीड़िता ने बताया कि शादी का झांसा देकर युवक लगातार उसकी अस्मत से खेलता रहा। महीनों दरिंदगी करने के बाद वह कमाई करने के लिए सऊदी अरब चला गया। इधर, युवती के गर्भवती होने पर परिवार वालों को इसकी जानकारी हुई तो उनके होश उड़ गए। परिजनों के कर्रा करने पर युवती ने आपबीती बताई। पीड़िता के पिता की मानें तो दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई। इसमें युवक के घर वालों ने अरब से उसके वापस आते ही शादी कराने का वादा किया था। इसके बाद उनके कहने पर ही पीड़िता का गर्भपात करा दिया गया। मगर भ्रूण हत्या के बाद धोखेबाज युवक और उसके परिजन शादी से मुकर गए। शनिवार को पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने युवक के खिलाफ दुराचार की एफआईआर दर्ज कर ली। एसओ ने बताया कि पुलिस घटना की तफतीश कर रही है।