करारी के इसहाकपुर पथरा गांव के प्रधान की बाइक की डिक्की से बृहस्पतिवार को दिनदहाड़े शातिरों ने 70 हजार रुपये पार कर दिया। यह रकम प्रधान ने एसबीआई मंझनपुर से निकाली थी। कस्बे में दिनदहाड़े डिक्की तोड़कर हुई लूट की घटना से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद बदमाशों की तलाश शुरू की। देरशाम तक पुलिस बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा सकी थी।
करारी थाना क्षेत्र के इसहाकपुर पथरा गांव के अनिल कुमार यादव पुत्र चंदूलाल प्रधान हैं। वह बृहस्पतिवार को दिन में करीब 11 बजे बाइक से मंझनपुर स्थित स्टेट बैंक आए थे। यहां से उन्होंने अपने खाते से 70 हजार रुपये निकाला। पैसे मोटरसाइकिल की डिक्की में रखकर मंझनपुर चौराहे पर सिराथू मार्ग स्थित बीओबी के एटीएम बूथ पर पहुंचे। बूथ के सामने बाइक खड़ी करके वह भीतर चले गए। यहां से उन्होंने एटीएम कार्ड के माध्यम से 15 हजार रुपये और निकाला। एटीएम से पैसे निकालने के बाद जैसे ही वह बूथ से निकले। बाहर खड़ी बाइक की टूटी डिक्की और रकम गायब देख उनके होश उड़ गए। डिक्की तोड़कर 70 हजार रुपये गायब किए जाने की घटना से बाजार में हड़कंप मच गया। शोर सुनकर आसपास के लोग जुट गए। सूचना पर मंझनपुर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची।
भुक्तभोगी प्रधान से पूछताछ करने के बाद पुलिस ने उनसे पैसे गायब होने की तहरीर ली और बदमाशों की तलाश शुरू की। मंझनपुर कोतवाल रज्जन लाल त्रिपाठी ने बताया कि घटना प्रधान की लापरवाही से हुई है। मामले की जांच और बदमाशों की खोजबीन हो रही है। बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।