जमीन की लालच में सरायअकिल कस्बे के एक युवक की जान उसकी पत्नी लेने पर अमादा है। 15 दिनों से वह पति को यातनाएं दे रही है। ससुराल बुलाकर प्रताड़ित किया गया। घर में बंधक बनाकर शनिवार की रात और रविवार की सुबह विवाहिता ने अपने दो भाइयों के साथ उसकी बेरहमी से पिटाई की। चीखें सुनकर मोहल्ले के लोगों ने आकर जान बचाई। कस्बाइयों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने विवाहिता और उसके दोनों भाइयों को हिरासत में लेकर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
सराय अकिल के फकीराबाद मोहल्ला निवासी शंकर अग्रहरि (35) की शादी करीब 10 साल पहले बिहार की एक युवती से हुई थी। उसके एक बेटा और एक बेटी है। शंकर की एक जमीन पटेल चौराहे पर पुरखास-सरायअकिल मुख्यमार्ग के किनारे हैं। करीब 30-40 लाख रुपये की यह बेशकीमती जमीन उसकी बीवी बेचने पर आमादा है। जबकि शंकर अपनी इस जमीन को बेचने के लिए राजी नहीं है। बताया जाता है कि जमीन बेचने से इंकार करने पर बीवी उसकी जान की दुश्मन बनी है। वह उसे झांसा देकर 10 दिन पहले मायके ले गई। वहां उसे प्रताड़ित किया गया। शनिवार को घर लौटने के बाद से यहां भी उसे यातनाएं दी जा रही हैं। रविवार की सुबह करीब 9 बजे शंकर की चीखें सुनकर कस्बाई सन्न रह गए। लोगों को वह घर के अंदर कमरे में बंद चीखता-चिल्लाता मिला। उसे रातभर कमरे में बंद करके टार्चर किया गया था। बेरहमी से पिटाई हुई है। लोग आशंका जाहिर कर रहे हैं कि सड़क किनारे की इस जमीन के लिए विवाहिता अपने भाइयों के साथ मिलकर उसकी जान लेने पर अमादा है। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने विवाहिता और उसके दोनों भाइयों को हिरासत में लेकर घटना की छानबीन शुरू कर दी है। एसओ प्रदीप यादव ने बताया कि घरेलू विवाद का मामला है। अभी किसी ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। घटना की जांच की जा रही है। तफ्तीश के बाद आगे की कार्रवाई होगी।