सैनी क्षेत्र के पथरांवा गांव के एक घर में हुई अगिभनकांड में किशोरी गंभीर रूप से झुलस गई। उसे इलाज के लिए जिला अस्पाताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सैनी क्षेत्र के पथरांवा निवासी सीमा देवी (14) पुत्री स्वर्गीय चौबे लाल घर पर अकेली थी। इस दौरान अचानक उसका छप्परनुमा घर धू-धूकर जलने लगा। बस्ती के बीच लगी आग देख ग्रामीण मदद के लिए टूट पड़े। ग्रामीणों ने भारी मशक्कत कर आग को नियंत्रित कर बुझा दिया। आग बुझने के बाद राहत कार्य में लगे ग्रामीणों ने देखा कि घर के एक हिस्से में सीमा गंभीर रूप से आग से झुलसी हुई पड़ी है। ग्राम प्रधान बचानी यादव ने बताया कि फोन से सूचना देकर एंबुलेंस को बुलवा किशोरी को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया। पर, तमाम प्रयास के बाद भी किशोरी की जान नहीं बच सकी। उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतका के भाई बीरेंद्र का कहना है कि उसकी बहन खाना बना रही थी। कुछ देर के लिए वह गांव की तरफ चला गया था। इस दौरान उसके घर मं हुई आगजनी में बहन की जान चली गई। उसके माता-पिता की मौत पहले ही हो चुकी है। एसओ सैनी श्रीप्रकाश यादव का कहना है कि खाना बनाने के दौरान किशोरी आग से झुलस गई थी। किशोरी को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पर, मौत की पुष्टि उन्होंने करने से इंकार कर दिया।