आवास दिलाने के नाम पर लिया गया पैसा वापस मांगने पर बुधवार की सुबह मंझनपुर के नारा गांव में जमकर बवाल हुआ। पूर्व प्रधान ने परिवार के लोगों के साथ पड़ोसी के घर हमला कर दिया। लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से लैश हमलावरों ने घर में तोड़फोड़ की। विरोध करने पर पूरे परिवार की बेरहमी से पिटाई की गई। कुल्हाड़ी लगने से एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। गांववालों के दौड़ने पर हमलावर धमकियां देते हुए भाग निकले। सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराते हुए घटना की तहकीकात शुरू कर दी है।
मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के नारा गांव निवासी राजेंद्र सोनकर पुत्र मोहनलाल किसान है। आरोप है कि सालभर पहले पूर्व प्रधान ने इंदिरा आवास दिलाने के लिए उससे 30 हजार रुपये लिया था। पर, उसे आवास नहीं मिला। इस पर वह अपना पैसा वापस मांगने लगा। आरोप है कि उसे बहाने बनाकर पूर्व प्रधान टरकाता रहा। बुधवार की सुबह करीब 8 बजे वह फिर से अपना पैसा मांगने पूर्व प्रधान के घर गया था। उसे देखते ही पूर्व प्रधान भड़क गया। उसे मारने के लिए दौड़ा लिया। वह जान बचाकर घर की ओर भागा, तो पूर्व प्रधान ने घरवालों के साथ उसके यहां हमला कर दिया। लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी लेकर आए लोगों ने मकान में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
विरोध करने पर राजेन्द्र कुमार के साथ ही ममता देवी पत्नी धीरेंद्र कुमार, हिमांशु पुत्र धीरेंद्र कुमार, संगीता देवी पत्नी राजेंद्र कुमार को पीटकर लहूलुहान कर दिया। पूर्व प्रधान और उनके घरवालों की दबंगई से पूरे गांव में अफरातफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर गांववाले जुटे, तो हमलावर पूरे परिवार को खत्म कर देने की धमकी देते हुए भाग निकले। वहीं गांव में बवाल की सूचना पर मंझनपुर कोतवाली पुलिस पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां सिर में कुल्हाड़ी लगने के कारण राजेंद्र कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने भुक्तभोगी से तहरीर लेकर घटना की छानबीन शुरू कर दी है। मंझनपुर कोतवाल मोहम्मद हाशिम ने बताया कि पैसे के लेन-देन में विवाद हुआ है। घटना की छानबीन की जा रही है। जांच के बाद एफआईआर दर्ज करके हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई होगी।