पुरानी रंजिश को लेकर शुक्रवार की शाम पिपरी इलाके के एक गांव में दबंगों ने पड़ोसी के घर हमला करके जमकर उत्पात मचाया। घर में तोड़फोड़ का विरोध करने पर हमलावरों ने विवाहिता की बेरहमी से पिटाई की। मारपीट के दौरान उसके कपड़े फाड़ डाले। चीख-पुकार पर गांववालों के दौड़ने पर हमलावर धमकियां देते हुए भाग निकले। पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने पर शनिवार को पीड़िता ने घटना की शिकायत एसपी से की। पुलिस अधीक्षक ने एसओ को जांच करके कार्रवाई का निर्देश दिया है।
पिपरी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली विवाहिता शुक्रवार की शाम घर में अकेली थी। परिवार के लोग खेत पर काम करने के लिए गए थे। तभी शाम करीब 6 बजे पुरानी रंजिश को लेकर गांव का एक व्यक्ति ने दो अन्य लोगों के साथ उसके घर में हमला कर दिया। घर में तोड़फोड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर तीनों युवकों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की। इतना ही नहीं मारपीट के दौरान युवकों ने उसके साथ अभद्रता भी की। छेड़खानी करते हुए उसके कपड़े फाड़ दिया। चीख-पुकार सुनकर गांववाले दौड़े। ग्रामीणों को आता देख हमलावर धमकियां देते हुए भाग निकले।
घटना की जानकारी होते ही परिवार के लोग भागकर घर पहुंचे। पड़ोसी दबंगों का उत्पात सुनकर घरवाले सन्न रह गए। रात में पीड़ित परिवार ने थाने जाकर घटना की जानकारी पुलिस को दी। आरोप है कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस की मनमानी से क्षुब्ध पीड़ित परिवार ने शनिवार को मंझनपुर आकर एसपी से शिकायत की। एसपी वीके मिश्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसओ पिपरी को जांच करके कार्रवाई का निर्देश दिया है।