कोरियो गांव के एक युवक ने दिमागी रूप से कमजोर चाचा को बंधक बनाकर उसकी जमीन की रजिस्ट्री करा ली। रिश्तेदारी से लौटने के बाद पति को घर से गायब देख विवाहिता तलाश करते हुए तहसील पहुंची। पता चला कि उसकी जमीन की रजिस्ट्री हो चुकी है। विवाहिता ने विरोध किया तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। मंगलवार को पीड़िता ने एसडीएम और सीओ से न्याय की गुहार लगाई।
चायल तहसील क्षेत्र के कोरियो गांव की रहने वाली कल्लो देवी पत्नी प्यारे लाल ने बताया कि उसकी दो बेटियां हैं। कई साल से पति की दिमागी हालत भी ठीक नहीं रहती है। करीब पंद्रह दिन पहले वह रिश्तेदार के घर शादी में शामिल होने के लिए चली गई। इसी दौरान भतीजा उसके पति को बहाने से तहसील ले जाकर सारी जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम करवा लिया। रिश्तेदार के घर से लौटी विवाहिता पति को घर पर न देख पट्टीदारों से पूछताछ की। इसके बाद भी कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं हुआ।
शक होने पर तहसील जाकर अभिलेखों में देखा तो उसके हिस्से की जमीन भतीजे के नाम दर्ज थी। बताया कि आज भी पति गायब है। पति को बंधक बनाने और जमीन हड़पने का विरोध करने पर पट्टीदार उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। मंगलवार को पीड़िता ने एसडीएम और सीओ से शिकायत की। एसडीएम ने पीड़िता को जांच और कार्रवाई का भरोसा दिया है।