बारात में द्वारपूजा के समय डीजे में डांस के दौरान अभद्रता को लेकर आमाकुआं गांव में नशे में धुत घराती-बराती भिड़ गए। उनके बीच जमकर लाठी-डंडा, ईंट-पत्थर चला। मारपीट, पथराव में दूल्हे के बड़े भाई समेत 7 लोग जख्मी हो गए। मारपीट के दौरान बारात में शामिल दो वाहन भी क्षतिग्रस्त कर दिए गए। पुलिस के पहुंचने पर उपद्रव थमा। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद घंटों पंचायत हुई। उसके बाद शादी की रस्में पूरी हुई।
कौशाम्बी थाना क्षेत्र के आमाकुआं गांव निवासी राममगन की बेटी गुड़िया देवी की बुधवार को शादी थी। करेलाबाग इलाहाबाद से बारात आई थी। रात करीब 10 बजे द्वारपूजा के दौरान डीजे की धुन पर नाचते हुए बाराती दुल्हन के दरवाजे जा रहे थे। बताया जाता है कि इस दौरान नशे में धुत आमाकुआं गांव के ही दो युवक बाइक लेकर बारात में घुस गए। आरोप है कि इन युवकों ने बारात में शामिल महिलाओं को कुछ कह दिया। इसे लेकर बाराती भड़क गए। युवकों को दबोचकर लोगों ने पिटाई शुरू कर दी। बारात में हंगामा हो गया।
युवकों की पिटाई की खबर लगते ही गांव के लोग लाठी-डंडे लेकर आ गए। मारपीट होने के साथ जमकर ईंट-पत्थर चला। इससे दूल्हे के बड़े भाई समय लाल प्रजापति (35), धर्मेंद्र कुमार निषाद (38), संजीव प्रजापति (24), दशरथलाल भारतीय (35), नंदा (45) निवासी करेलाबाग इलाहाबाद समेत कुल 7 लोग जख्मी हो गए। मारपीट, उपद्रव के दौरान बारात में शामिल सूमो और बोलेरो भी लोगों ने ईंट-पत्थर से हमला करके तोड़ डाली। बारात में बवाल की सूचना लगते ही मौके पर पहुंची कौशाम्बी पुलिस ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। घायल बारातियों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घंटों चली पंचायत के बाद बड़े-बुजुर्गों के हस्तक्षेप पर शादी की रस्में पूरी की गई। सुबह बारात और दुल्हन की विदाई हुई।