हाथरस। लहरा बाईपास पर गुरुवार सुबह नौ बजे आगरा की ओर से आ रही सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार ने एक बाइक को रौंद दिया, जिसमें बाइक सवार दोनों लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के बाद आरोपी कार के बंपर में फंसी बाइक को घसीटते हुए दो किलोमीटर तक ले गए। नहर के पास उन्होंने बाइक को कार से अलग किया। सीएम के कार्यक्रम में ड्यूटी दे रही हाथरस गेट पुलिस ने पार्किंग में क्षतिग्रस्त कार को देख लिया और अपने कब्जे में ले लिया। कार पर सपा का झंडा लगा हुआ है। यह कार इटावा की बताई जा रही है। कार छोड़ने के लिए पुलिस अधिकारियों पर कई सपा नेताओं के फोन भी पहुंचे हैं। गांव खोंड़ा हजारी निवासी लक्ष्मीनारायण पुत्र रामगोपाल और संतोष पुत्र परसादी लाल निवासी गांव बैजला, अलीगढ़ एक बाइक पर मड़राक में आयोजित शादी समारोह से लौट रहे थे। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस 108 से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां सिर में गहरी चोट होने पर संतोष को अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। लक्ष्मीनारायण के पिता रामगोपाल ने थाना हाथरस गेट पुलिस को चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने को तहरीर दे दी है। पुलिस कार को थाने ले आई है। थाने के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्हें फोन कर एक व्यक्ति ने कहा कि वह सपा के जनप्रतिनिधि हैं। पुलिस के मुताबिक यह कार इटावा के एक कॉलेज के प्रिंसिपल की बताई जा रही है। एसओ राजेश्वर प्रसाद त्यागी का कहना है कि कार को कब्जे में लेने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की कोशिश भी की गई, लेकिन कोई भी आरोपी सीएम के कार्यक्रम स्थल से बाहर नहीं आया और न ही किसी ने इस कार पर अपना दावा किया। उन्होंने कहा कि इस मामले में जल्द मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी।