पशु पालन कराने के नाम पर एक शातिर ने करारी इलाके के कई लोगों को करोड़ों रुपये की चपत लगा दिया। एजेंटों ने दबाव बनाना शुरू किया तो वह राजस्थान भाग निकला। एजेंटों ने शातिर के खिलाफ करारी थाने में मामला भी दर्ज कराया है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
करारी के शेरखान ने सक्सेज कार्नर पशुधन प्राइवेट लिमिटेड नाम से एक संस्था बनाई थी। इस संस्था का शातिर ने उद्देश्य बताया था कि वह बड़े पैमाने पर पशु पालन कराएंगे ताकि यहां के किसान समृद्धशाली हो सकें। किसानों को झांसे में लेने के लिए कई एजेंट भी बनाए गए। एजेंटों के माध्यम से कंपनी में करोड़ों रुपया जमा कराया गया था। दीवर कोतारी के सुदामा प्रसाद से 20 लाख, मेराज अहमद से 20 लाख रुपया जमा कराया गया था।
इसके अलावा दर्जनों अन्य एजेंट हैं, जिनसे इसी तरह की रकम जमा कराई गई थी। एजेंटों का कहना है कि किसानों की इस रकम को शातिर ने राजस्थान के एक रियल स्टेट के कारोबार में लगा दिया है। जब उन्होंने रुपया वापस करने का दबाव बनाया तो वह राजस्थान भाग निकला। अब वह वहां से वापस नहीं आ रहा है। एजेंटों ने शेर खान के खिलाफ करारी थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस जांच कर रही है। कार्रवाई न होने से एजेंट परेशान हैं। एजेंटों का कहना है कि रुपया जमा करने वाले लोग उन पर दबाव बना रहे हैं। एजेंटों ने इस मामले में एसपी से कार्रवाई कराने की गुहार लगाई है।