एसपी आफिस के सामने से दिनदहाड़े चोरों ने सोमवार को रिटायर्ड प्रिंसिपल की कार उड़ा दी। दफ्तर से बाहर निकले पूर्व प्रिंसिपल व उनके बेटे ने कार गायब देखी तो उनके होश उड़ गए। बेटे ने कार चोरी की तहरीर मंझनपुर कोतवाली पुलिस को दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
चरवा के चौराडीह निवासी अशोक कुमार पांडेय रिटायर्ड प्रिंसिपल हैं। उन्होंने गांव के ही मनीष कुमार केशरवानी से हाल ही में इको स्पोर्ट कार खरीदी थी। सोमवार को पूर्व प्रिंसिपल अपने बेटे अलक्षेन्द्र कुमार पांडेय डीआईओएस आफिस आए थे। अलक्षेन्द्र ने कार को एसपी आफिस के सामने शीशम के पेड़ के नीचे खड़ी कर पिता के साथ डीआईओएस दफ्तर चला गया।
करीब दो बजे पिता-पुत्र दफ्तर से बाहर निकले तो देखा कि कार गायब है। दोनों ने खोजबीन की,, असपास रहे लोगों से पता करने का प्रयास किया, लेकिन कुछ पता नहीं चला। अलक्षेन्द्र ने मामले की तहरीर मंझनपुर कोतवाली पुलिस को दी। कोतवाली पुलिस ने मौका-मुआयना किया, लेकिन चोरी गई कार का सुराग नहीं लग सका। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों का सुराग लगाना शुरू कर दिया है।