सिराथू के जगन्नाथपुर गांव में शुक्रवार की दोपहर बेरहम लपटों का कहर टूटा। भीषण आग से गांव के 9 गरीबों के घर जल गए। बर्तन, कपड़े, खाद्यान्न समेत लाखों रुपये की गृहस्थी का सामान स्वाहा हो गया। घरों से उठती लपटें, धुएं का गुबार, चीख-पुकार से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सैकड़ों ग्रामीण और दमकलकर्मी करीब 4 घंटे तक जूझने के बाद आग पर काबू पा सके। आग मकान के सामने लगे मरकरी बल्व फूटने से निकली चिंगारी से लगी बताई जा रही है।
सिराथू तहसील क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव में शुक्रवार की दोपहर भीषण आग लग गई। लवकुश के मकान से लगी आग ने बेकाबू होकर आसपास के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। तेज धूप और चल रही हवाओं के कारण दवानल बनी लपटों की जद में आने से देखते ही देखते लवकुश सोनकर, राजू सोनकर, लल्लू सोनकर, छेदीलाल पाल, राम गोपाल पाल, सतौव्वर अली, राम भवन, दुज्जे लाल के घर राख हो गए। घरों से उठकर आसमान चूमती लपटों से गांव में कोहराम मच गया। चीखते-चिल्लाते पीड़ित परिवार की महिलाएं, बच्चे जान बचाकर बाहर को भागे। चीख-पुकार और घरों से उठती लपटें देख गांववालों की भीड़ जमा हो गई। आसपास के अन्य गांववाले भी टूट पड़े। बेकाबू लपटें देख घबराए ग्रामीणों ने घटना की जानकारी सिराथू तहसील, पइंसा पुलिस और सैनी स्थित फायर स्टेशन को दी। सूचना पर आए दमकलकर्मी और सैकड़ों ग्रामीण आग बुझाने में जुटे। करीब 4 घंटे तक जूझने के बाद आग पर काबू पाया जा सका। जब तक आग बुझती। गांव के 9 घर पूरी तरह से राख हो चुके थे। इन घरों के बर्तन, कपड़े, बिस्तर, खाद्यान्न, गहने आदि गृहस्थी का सारा सामान लपटों की भेंट चढ़ा चुका था।
घटिया मरकरी बल्व से हुई तबाही
उदहिन (ब्यूरो)। सिराथू तहसील के जगन्नाथपुर गांव के 9 घरों में आग मकान के सामने लगे मरकरी बल्व के फूटने से निकली चिंगारी से लगी बताई जा रही है। बताया जाता है कि आग में घर और जीवनभर की कमाई से जुटाई गई सारी गृहस्थी गंवाने वाले राजू सोनकर के मकान के सामने दो साल पहले ग्रामसभा की ओर से स्ट्रीट लाइट के रूप में खंभे में मरकरी बल्व लगाया गया था। राजू ने बताया कि दिन में करीब 11.30 बजे जैसे ही बिजली आई, तेज आवाज के साथ मरकरी बल्व फूट गया। बल्व फूटने से निकली चिंगारी पड़ोसी लवकुश के मकान के छप्पर में जा गिरी। तेज धूप के कारण गरम रहे छप्पर में चिंगारी गिरते ही आग लग गई। जब तक कोई कुछ समझ पाता। लपटें आसमान चूमने लगी। देखते ही देखते बेकाबू हुई लपटों ने एक-एक बाद एक नौ घरों को अपनी आगोश में लेकर राख कर दिया। घरों के साथ इन परिवारों की जीवनभर की कमाई भी आग में राख हो गई।
25 लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान
उदहिन (ब्यूरो)। मोहब्बतपुर पइंसा थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव में शुक्रवार की दोपहर भड़की आग में 9 घर जलने से करीब 25 लाख रुपये से भी ज्यादा का नुकसान होने का अनुमान है। बता दें कि आग लगने से लपटों की भेंट चढ़े किसी भी घर में कोई सामान सुरक्षित नहीं बचा है। पीड़ित परिवार के सदस्यों के पास तन पर पहने कपड़े ही हैं। उधर, गांव में आग लगने से घर, गृहस्थी राख होने की सूचना लगते ही लेखपाल शिवभूषण त्रिपाठी और अन्य राजस्वकर्मी मौके पर पहुंचे। लेखपाल ने बताया कि नौ घर जले हैं। आग लगने से हुए नुकसान का सर्वे किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट एसडीएम को दी जाएगी। लेखपाल ने पीड़ित परिवारों को सरकारी मदद दिलाने का का भरोसा दिलाया है।