पूरामुफ्ती बाजार में शुक्रवार की दोपहर छह साल का राजकुमार खौलते दूध के भगोने में गिर गया। बच्चे की चीख सुन परिजन उसे बचाते हुए नजदीकी अस्पताल ले गए। जहां बच्चे की मौत हो गई। राजकुमार इकलौता बेटा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा करने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। बच्चे की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
पूरामुफ्ती बाजार का मनोज साहू दुकानदार है। फतेहपुर घाट रोड पर उसकी नास्ते की दुकान है। शुक्रवार की दोपहर वह भगोने में दूध डाल कर उसे गर्म करने के लिए भट्ठी में चढ़ा दिया। इसके बाद वह दूसरे काम में लग गया। इसी दौरान उसका छह वर्षीय बेटा राजकुमार पहुंचा और गर्म दूध को चलाने लगा। इसी दौरान मासूम बच्चे औंधे मुंह उबलते दूध में गिर गया। बच्चे की चीख सुन दुकान में मौजूद परिजन भागकर मौके पर पहुंचे।
बच्चे को भगोने से बाहर निकालते हुए नजदीकी अस्पताल ले गए। जहां बच्चे की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव का पंचनामा कर परिजनों को सौंप दिया है। बच्चे की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। मनोज साहू का इकलौता बेटा राजकुमार था। राजकुमार की मौत से मां अनुपमा व बहन कविता का रो-रो कर बुरा हाल है।