महेवाघाट के भवनसुरी गांव में मंगलवार दोपहर पड़ोसियों ने राम संवारी (55) को पीट पीटकर मार डाला। दोनों परिवार के बीच अर्से से अदावत की चिंगारी सुलग रही थी। महिला की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। देर शाम पुलिस ने मृतका के बेटे की तहरीर पर पड़ोसी व उसके दो बेटों समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
महेवाघाट थाना क्षेत्र के भवनसुरी गांव की रामसंवारी पत्नी इन्द्रपाल मंगलवार दोपहर नातिन को लेकर पड़ोसी के खेत पर गई थी। खेत में शौच कराने का विरोध करने पर पड़ोसी से उसका विवाद हो गया। तीखी झड़प के बाद पड़ोसी पिता-पुत्रों ने महिला को पीट-पीटकर मार डाला। वारदात अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से भाग निकले। महिला की हत्या की जानकारी ग्रामीणों को हुई तो इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही महेवाघाट पुलिस गांव पहुंची। जांच पड़ताल करते हुए पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने हत्यारोपी पिता-पुत्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल मोहम्मद हाशिम ने बताया कि जमीन की रंजिश में महिला की हत्या की गई है। पुलिस घटना की तहकीकात कर रही है। आरोपी बच्चू लाल को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस फरार अन्य हत्यारोपियों की तलाश कर रही है।