मंझनपुर (ब्यूरो)। सैनी कोतवाली क्षेत्र के थुलबुला गांव में मंगलवार शाम पुरानी रंजिश के चलते दबंगों ने घर में घुसकर एक युवक की पिटाई की। गृहस्थी का सामान भी तोड़ डाला। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। थुलबुला निवासी जयकृष्ण मिश्र ने बताया कि करनपुर निवासी सुखराम से उसकी पुरानी रंजिश है। इसी के चलते वह हमेशा झगड़ा करने पर आमादा रहता है।
पीड़ित के मुताबिक मंगलवार शाम सुखराम अपने पड़ोसी राजेन्द्र व दारानगर के शशिकमल के साथ उसके घर पर चढ़ आया। इन सभी ने अपशब्द कहना शुरू कर दिया। विरोध करने पर घर में घुसकर पिटाई शुरू कर दी। गृहस्थी का सामान तोड़ डाला। चीख-पुकार पर ग्रामीण जुटने लगे तो हमलावर जान से मार डालने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दिया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।