जमीन के बंटवारे के विवाद में बृहस्पतिवार को कुंड्रावी गांव में पिता ने अपने जवान बेटे को गोली मार दी। पेट में गोली धंसने से युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। घरवालों ने उसे चुपचाप ले जाकर किसी प्राइवेट हास्पिटल में भर्ती कराया है। वहीं घटना के बाद से आरोपी पिता फरार है। गांव के चौकीदार की सूचना पर पइंसा पुलिस ने रिपोर्ट लिखकर घटना की जांच शुरू कर दी है।
मोहब्बतपुर पइंसा थाना क्षेत्र के कुंड्रावी गांव निवासी तिलकराम यादव (28) का अपने पिता नरेशराम से जमीन बंटवारे को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा है। बृहस्पतिवार को पिता-पुत्र में इसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। बताया जाता है कि कहासुनी के दौरान तैश में आए नरेशराम ने तमंचा निकाला और बेटे तिलक के ऊपर गोली दाग दी। एकदम नजदीक से मारी गई गोली तिलक के पेट में जा धंसी। इससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। उधर, घर के भीतर गोली चलने की आवाज से परिवार के अन्य लोगों के होश उड़ गए। चीखते-चिल्लाते लोग मौके पर पहुंचे तो तिलक को खून से लथपथ जमीन पर पड़ा देख होश उड़ गए। गोली मारने के बाद पिता फरार हो गया। घर के अन्य सदस्यों ने जख्मी युवक को ले जाकर प्राइवेट हास्पिटल में भर्ती कराया। परिवार के किसी भी सदस्य ने घटना की जानकारी पुलिस को नहीं दी। चौकीदार ने इस वारदात से पइंसा पुलिस को अवगत कराया। सूचना लगते ही एसओ फोर्स लेकर गांव पहुंचे लेकिन घर में ताला लटकता मिला। थानाध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया कि चौकीदार घूरेलाल की ओर से मिली सूचना के आधार पर नरेश के खिलाफ जानलेवा हमले की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। घटना की जांच की जा रही है।