सैनी कोतवाली के मीठेपुर सयारां रेलवे फाटक के समीप सोमवार की दोपहर चलती बाइक से महिला को उसके बेटे समेत नीचे गिराकर बदमाश चेन छीनकर भाग निकले। बाइक से गिरी महिला व उसके मासूम बेटे को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार कर महिला को जिला अस्पताल से इलाहाबाद के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया है। महिला की हालत नाजुक बनी है।
पश्चिमशरीरा थाना क्षेत्र के सोनौली गांव की अंजुला (35) सोमवार की दोपहर करीब तीन बजे अपने पति उमाशंकर व तीन साल के बेटे के साथ दारानगर में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रही थी। मीठेपुर सयारां रेलवे फाटक से पहले बाइक सवार दो युवकों ने उमाशंकर को ओवरटेक किया। जब तक उमाशंकर कुछ समझ पाता, पीछे बैठे युवक ने अंजुला को धक्का देकर नीचे गिरा दिया। इससे वह सड़क किनारे बेटे शुभम समेत गिर गई। अंजुला के गिरते ही बाइक सवार युवक ने उसके गले में पड़ी सोने की चेन खींची और शमसाबाद की ओर भाग निकला। आसपास मौजूद लोगों ने घटना देखी तो शोर मचाया।
इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देने के साथ ही 108 एंबुलेंस को जानकारी दी। अंजुला व उसके बेटे शुभम की हालत गंभीर थी। मौके पर पहुंचे एंबुलेंसकर्मी दोनों को लेकर जिला अस्पताल आए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने अंजुला को इलाहाबाद के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया। अंजुला के सिर पर गंभीर चोट आई है। सूचना पर सैनी कोतवाली पुलिस ने इलाके की नाकेबंदी की। इस कार्रवाई में महिला सिपाही भी शामिल थीं, लेकिन संदिग्ध बाइक सवार पुलिस के हाथ नहीं लगे। इंस्पेक्टर सैनी राकेश चौरसिया ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है।