सैनी क्षेत्र के अजुहा नगर पंचायत के कृष्णा नगर में बुधवार की शाम एक विवाहिता ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। इस हादसे के बाद ससुराल पक्ष के लोग पुलिस कार्रवाई के डर से घर छोड़ फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कराए जाने के बाद पीएम के लिए भेज दिया है।
अजुहा कस्बे के कृष्णा नगर निवासी साधना देवी(23) पत्नी सचिन यादव ने बुधवार की शाम तकरीबन 4 बजे फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। हादसे के बाद परिजन काफी देर तक घटना को छिपाए रहे। पर, सूचना मृतका के परिजनों को हुई तो वे भागकर मौके पर पहुंच गए। मृतका के पिता राम शरण सिंह की सूचना पर अजुहा चौकी प्रभारी रमेश सिंह यादव ने शव का पंचनामा कराए जाने के बाद पीएम के लिए भेज दिया है। मायके पक्ष का आरोप है कि उसकी बेटी का ससुराल में उत्पीड़न किया जाता था।
ससुराल वाले दहेज की लगातार मांग कर रहे थे। उन लोगों ने 11 मई 2014 को हुई शादी के दौरान अपनी क्षमता के मुताबिक दहेज दिया था। लड़की 20 दिन पूर्व मायके से बिदा होकर आई थी। बिरादरी की पंचायत के बाद उन लोगों ने बेटी को समझा-बुझा कर ससुराल भेजा था। यह भी तय हुआ था कि उसे दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित नहीं किया जाएगा। उन्हें घटना की सूचना भी पड़ोसियों की मदद से मिली। असोथर फतेहपुर से आए मृतका के पिता का कहना है कि घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग शव छोड़ फरार हो गए हैं। सैनी पुलिस का कहना है कि शव पीएम के लिए भेज दिया गया है।