दोआबा में साइबर क्राइम के शातिर बदमाश ने बनपुकरा गांव के एक किसान के खाते से 1.58 लाख रुपया पार कर दिया। यह रकम एटीएम के माध्यम से दो महीने में निकाली गई है। सोमवार को भुक्तभोगी पैसा निकालने बैंक पहुंचा तो उसे घटना की जानकारी हुई। भुक्तभोगी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के बनपुकरा सिराथू गांव निवासी तेज सिंह किसान हैं। 10 मार्च को वह सिराथू स्थित एटीएम बूथ पर पैसा निकालने के लिए गया था। पर, एटीएम में गड़बड़ी के कारण पैसा नहीं निकला। किसान की मानें तो इस दौरान एटीएम बूथ पर मौजूद एक युवक ने उससे एटीएम कार्ड लेकर पैसा निकालने में मदद करने की कोशिश की थी। पर, वह भी पैसा नहीं निकाल सका। इसी दौरान उसने एटीएम कार्ड बदल लिया। इधर, दो महीने बाद सोमवार को किसान बैंक पैसा निकालने पहुंचा तो उसे पता चला कि एटीएम के जरिए उसके खाते से 1.58 हजार रुपये दो महीने के भीतर निकाला जा चुका है।
खाते से पैसा निकाले जाने की जानकारी होते ही किसान के होश उड़ गए। घटना की जानकारी शाखा प्रबंधक को देते हुए उसने एटीएम कार्ड लॉक कराया। साथ ही खाते से पैसे निकाले जाने की तहरीर सैनी कोतवाली में दी। किसान का कहना है कि मदद के नाम पर एटीएम बूथ पर मिले युवक ने ही धोखे से उसका कार्ड बदल लिया था। उसी ने यह घटना की है। भुक्तभोगी किसान की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।