बिजली के स्टे तार से चिपका युवक मौत, साथी गंभीर
-अटसराय गांव में बृहस्पतिवार की सुबह हुई घटना, परिजनों में कोहराम
अमर उजाला ब्यूरो
सिराथू (कौशाम्बी)। सैनी के अटसराय गांव में बृहस्पतिवार सुबह एक युवक बिजली के स्टे तार से चिपक गया। हादसे में युवक की मौत हो गई जब कि साथी गंभीर रूप से झुलस गया। परिजनों के साथ गांव के लोग भागकर घटनास्थल पर पहुंचे। झुलसे युवक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
सैनी कोतवाली के अटसराय गांव निवासी विश्वनाथ प्रताप (22) पुत्र अमबोल सिंह बृहस्पतिवार सुबह घर के बाहर लगे बिजली के खंभे के पास खड़ा था। बताया जा रहा है कि अचानक उसने स्टे तार को पकड़ लिया। करंट की जद में आने से युवक चीख पड़ा। साथी की चीख सुन मुकेश बचाने दौड़ा तो वह भी करंट की जद में आ गया। हादसा देख मौके पर पहुंचे घर-परिवार के लोग करंट से झुलसे युवकों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां विश्वनाथ प्रताप की इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि साथी मुकेश अस्पताल में जीवन मौत के बीच जूझ रहा है। अस्पताल पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ गुस्सा है। आरोप है कि बिजली विभाग के अफसरों से कई बार स्टे तार में करंट उतरने की शिकायत की गई थी। इसके बाद भी कोई पहल नहीं की गई। उधर हादसे के शिकार युवक के परिजनों में कोहराम मचा है।