बाइकों की भिड़ंत में भट्ठा मुंशी की मौत, साला घायल
सरायअकिल के मुस्तफाबाद गांव के समीप बुधवार रात हुआ हादसा
सरायअकिल। इलाके के मुस्तफाबाद गांव के समीप बुधवार रात बाइकों के बीच आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक पर सवार भट्ठा मुंशी की मौत हो गई। जबकि साथ रहे उसके साले की हालत गंभीर है। हादसे के बाद दूसरा बाइक सवार गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बाइक कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
धारुपुर निवासी छोटेलाल रैदास (50) पुत्र मसुरियादीन गांव स्थित ईंट-भट्ठे पर मुंशी का काम करता है। बुधवार शाम बाइक से कौशांबी थाना क्षेत्र के बाबापुरवा गांव निवासी अपने साले चेतराम पुत्र सुंदरलाल के साथ चित्तापुर रिश्तेदार के यहां गया था। वापस लौटते समय रात करीब आठ बजे मुस्तफाबाद गांव के समीप विपरीत दिशा से आ रही बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक चला रहा छोटेलाल व पीछे बैठा उसका साला चेतराम गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना के बाद पहुंचे इमरजेंसी वाहन ने दोनों को जिला चिकित्सालय में भर्ती करा दिया। जहां इलाज के दौरान देर रात छोटेलाल की मौत हो गई। जबकि साले चेतराम का इलाज अभी भी चल रहा है।
दूसरी बाइक से टक्कर मारने वाले युवक बाइक छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बाइक को अपने कब्जे मे ले लिया है। हादसे के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।