सरेराह व्यापारी पिता-पुत्र से डेढ़ लाख की लूट
- पिपरी के लालापुर गांव के समीप अपाचे सवार बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम
- तकादा कर घर लौट रहा था व्यापारी, बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
चायल(कौशाम्बी)। पिपरी के लालापुर गांव के समीप शुक्रवार की दोपहर अपाचे सवार बदमाशों ने व्यापारी पिता-पुत्र को पीटकर डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। सरेराह वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश तमंचा लहराते हुए भाग निकले। लूट की जानकारी होते ही सीओ चायल पिपरी और पूरामुफ्ती पुलिस के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने लुटेरों की तलाश में नाकेबंदी भी की लेकिन कहीं सुराग नहीं लगा। जख्मी व्यापारी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराते हुए पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मनौरी बाजार का अंकित केसरवानी पुत्र किशन लाल चीनी का थोक व्यापारी है। शुक्रवार को वह पिता को साथ लेकर तकादा करने गया था। बताया जा रहा है कि सरायअकिल समेत कई कस्बों से करीब डेढ़ लाख रुपये वसूलने के बाद दोनों घर लौट रहे थे। पिपरी के लालापुर गांव के समीप पीछे से दो अपाचे सवार पांच लोग आए और बाइक में धक्का देते हुए गिरा दिया। अंकित ने विरोध किया तो लुटेरे तमंचे की बट से उसका सिर फोड़ दिया। इसके बाद नगदी से भरा बैग लूटकर तमंचा लहराते हुए भाग निकले। सरेराह व्यापारी के साथ हुई लूट की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही सीओ चायल, पिपरी और पूरामुफ्ती पुलिस के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में नाकेबंदी भी की पर कहीं कोई सुराग नहीं लगा। घायल व्यापारी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराते हुए पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर खोजबीन शुरू कर दी है। सीओ चायल एस एस ग्रोवर ने बताया कि लुटेरों की तलाश के लिए पुलिस की दो टीमें लगाई है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है।
0000000
लावारिस बाइक मिलने से सनसनी
चायल(ब्यूरो)। पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के करनपुर पाव गांव के समीप एक खेत में शुक्रवार की सुबह लावारिस बाइक पड़ी मिली। खेत की ओर गए गांव के लोग बाइक देख सन्न रह गए। बाइक के समीप किसी को न देख ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए बाइक कब्जे में ले लिया है। लावारिस बाइक मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है।
0000000
द्वाबा में ठंड का सितम, अधेड़ की मौत
- सुबह खेत से घर लौटने पर बिगड़ गई थी तबियत, परिजनों में कोहराम
अमर उजाला ब्यूरो
करारी(कौशाम्बी)। दोआबा में ठंड का सितम कातिल होता जा रहा है। इसकी जद में आने से शुक्रवार की सुबह उखैयाखास गांव में एक अधेड़ की मौत हो गई। खेत से घर लौटते वक्त अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई थी। घरवालों के मुताबिक ठंड लगने से ही अधेड़ की सांसें थमी हैं। गांव पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधेड़ की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
करारी थाना क्षेत्र के उखैयाखास गांव निवासी तोताराम (48) पुत्र राम आसरे मौर्य गरीब मजदूर है। शुक्रवार की सुबह वह खेत से घर लौटा था। घर आते ही वह बिस्तर पर लेट गया। कुछ देर बाद ही उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। अधेड़ को कांपता देख घर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। आग तपाते हुए अधेड़ का घरेलू उपचार शुरू किया। परिजन कुछ समझ पाते, इससे पहले ही उसकी सांसें थम चुकी थी। अचानक हुई अधेड़ की मौत से घर-परिवार में कोहराम मच गया। परिवारवालों का मानना है कि खेत से लौटने पर ठंड लगने से मौत हुई है। ग्रामीणों की सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद देर शाम परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। अधेड़ की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है।