करारी। क्षेत्र के बजहा खुर्रमपुर गांव स्थित ननिहाल में रह रहे कक्षा चार के एक छात्र की गुरुवार शाम संदिग्ध दशा में मौत हो गई। मुंबई से लौटने के बाद शनिवार को पिता ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया।
करारी कोतवाली क्षेत्र के निम्तापुर गांव का आकाश यादव (9) पुत्र संजय यादव कक्षा चार का छात्र था। उसका ननिहाल इलाके के ही बजहा खुर्रमपुर में है। आकाश नानी के घर रहकर पढ़ाई करता था। गुरुवार शाम नानी खेतों की ओर गई थी। लौटकर देखा तो चारपाई पर आकाश की लाश पड़ी थी। यह देख वृद्ध नानी चीख पड़ी। आकाश की मौत की खबर मिलने के बाद मुंबई में रह रहा उसका परिवार गुरुवार को बजहा खुर्रमपुर पहुंचा। पिता ने पुलिस को सूचना दी। मौत को लेकर गांव में तमाम तरह की चर्चाएं हैं। घटना से पीड़ित परिवारीजनों की रो-रोकर हालत खराब है। आकाश अपने पीछे माता-पिता के अलावा दो बड़े भाई सत्यम, शिवम व एक बहन को छोड़ गया है।
आकाश अपने ननिहाल की लाखों की प्रापर्टी का इकलौता वारिस था। उसके कोई मामा नहीं हैं। दो मौसियां हैं। नानी ने पूरी जायदाद उसके नाम कर रखी थी। गांव में चर्चा है कि इसी जायदाद के चक्कर में आकाश को मौत की नींद सुलाया गया है। आकाश के नाना नाले यादव बड़ी जोत के काश्तकार थे। उनकी करीब दस साल पहले मौत हो चुकी है। पुत्र नहीं होने और बेटियों की शादी हो जाने के कारण अकेली रह रही वृद्ध नानी अशोक कुमारी ने आकाश को अपना बना लिया था। लगभग छह महीने पहले नानी ने पूरी संपत्ति आकाश के नाम कर दी थी। इस शिक्षण सत्र की शुरूआत होते ही नानी ने आकाश को अपने पास बुलाकर उसका नाम वहीं पास के एक निजी स्कूल में लिखा दिया। ग्रामीणों की मानें तो प्रापर्टी को लेकर आकाश ननिहाल पक्ष में पट्टीदारों की आंखों को खटकने लगा था। ऐसे में कयास लगाया जा रहा है कि हो सकता है घर पर अकेला देख किसी ने गला घोटकर आकाश की हत्या कर दी हो। उसके गले में स्याह निशान थे। हालांकि हत्या करने का तरीका दूसरा भी हो सकता है। किसी जहरीले जंतु के काटने से भी मौत हो सकती है। मृतक के परिजन अभी कुछ भी नहीं बोल रहे हैं। उन्हें भी पीएम रिपोर्ट का ही इंतजार है। इंस्पेक्टर करारी का कहना है कि बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह साफ हो पाएगी। इससे पहले इस मामले में कुछ भी बोलना जल्दबाजी होगी।